T20 World Cup 2026: टी20 वर्ल्ड कप 2026 अब कुछ ही दिन की दूरी पर है। या यूं भी कहा जा सकता है कि कुछ ही घंटे बाद पहला मुकाबला शुरू हो जाएगा। इससे पहले इस वक्त वार्मअप मैच खेले जा रहे हैं। इस बीच पाकिस्तान की ओर से कहा गया है कि वे आईसीसी टी20 विश्व कप तो खेलेंगे, लेकिन भारत के खिलाफ होने वाला 15 फरवरी का मैच नहीं खेलेगी। अगर ऐसा होता है तो आपको ये जानना चाहिए कि पाकिस्तान का शेड्यूल क्या होगा। किस किस दिन कितने बजे से किसके खिलाफ मैच खेलेगी।
पाकिस्तानी टीम पहले ही दिन खेलेगी अपना पहला मुकाबला
पाकिस्तान क्रिकेट टीम श्रीलंका पहुंच चुकी है, जहां उसे टी20 विश्व कप के सारे मैच खेलने हैं। मजे की बात ये है कि भले ही आईसीसी टी20 विश्व कप की मेजबानी भारत और श्रीलंका के पास हो, लेकिन पाकिस्तानी टीम पहला मैच खेलती हुई नजर आएगी। पाकिस्तान का पहला मैच पहले ही दिन यानी सात फरवरी को है। ये मैच कोलंबो में खेला जाएगा। पाकिस्तान के सामने नीदरलैंड्स की टीम होगी।
7 फरवरी को सुबह 11 बजे से खेला जाएगा पाकिस्तान बनाम नीदरलैंड्स मैच
टी20 वर्ल्ड कप में पाकिस्तान और नीदरलैंड्स के बीच ये मुकाबला भारतीय समय अनुसार दोपहर 11 बजे से शुरू होगा। इसके बाद पाकिस्तानी टीम को 10 फरवरी को अपना दूसरा मुकाबला खेलना है। ये मैच भी कोलंबो में होगा और इस बार पाकिस्तान का मुकाबला यूएसए से होगा। ये मैच शाम को सात बजे से खेला जाएगा।
15 फरवरी को होना है भारत और पाकिस्तान के बीच मुकाबला
आईसीसी के शेड्यूल के अनुसार पाकिस्तान को अपना तीसरा मुकाबला भारत के खिलाफ खेलन है। ये मैच 15 फरवरी दिन रविवार को रखा गया है। कोलंबो में ही होने वाला ये मैच शाम को सात बजे से प्रस्तावित है। यही वो मुकाबला है, जिसे खेलने से पाकिस्तान ने मना किया है। आगे क्या होगा, ये तो आने वाले दिनों में पता चलेगा, लेकिन फिलहाल शेड्यूल में इस मैच का जिक्र किया गया है।
पाकिस्तानी टीम एक भी मैच हारी तो हो जाएगी मुश्किल
पाकिस्तान क्रिकेट टीम अपना आखिरी लीग मैच नामिबिया के खिलाफ खेलेगी। ये मैच 18 फरवरी को रखा गया है। मुकाबला कोलंबो में ही होगा और ये मैच दोपहर तीन बजे से है। इसके साथ ही पाकिस्तान का ग्रुप स्टेज तक का सफर पूरा हो जाएगा। इस दौरान टीम कैसा प्रदर्शन करती है, उसके बाद आगे का सफर तय किया जाएगा। हालांकि अगर भारत से मैच ना खेलने की स्थिति में पाकिस्तानी टीम अपने बचे हुए तीन में से एक भी मैच हारी तो फिर उसके लिए आगे की राह बहुत मुश्किल हो जाएगी।







