रंगों का त्योहार होली खुशियां लेकर आता है, लेकिन लापरवाही बरतने पर यही रंग आपकी कार के लिए परेशानी बन सकते हैं। कई बार होली के बाद गाड़ी की पेंट फीकी पड़ जाती है या उस पर जिद्दी दाग रह जाते हैं। बाजार में मिलने वाले सिंथेटिक रंगों में केमिकल, धातु के कण और तेज डाई मौजूद होती हैं, जो धूप में कार की पेंट से रिएक्शन कर सकती हैं। रंग और पानी का मिश्रण गाड़ी के मेटल हिस्सों में जंग लगने की प्रक्रिया भी तेज कर सकता है। यहां तक कि हर्बल रंग भी छोटे-छोटे हिस्सों में फंसकर सफाई मुश्किल बना देते हैं।
होली से पहले क्या करें?
कार की सुरक्षा की शुरुआत पहले से ही कर लें। गाड़ी पर वैक्स या पेंट सीलेंट की एक परत लगाएं, जिससे रंग आसानी से हट जाएं। संभव हो तो कार कवर का उपयोग करें या वाहन को ढकी हुई जगह पर पार्क करें। डोर हैंडल, साइड मिरर और बंपर पर हल्की सिलिकॉन पॉलिश स्प्रे करने से रंग कम चिपकता है।
होली के बाद सफाई कैसे करें?
रंग लगने के बाद कार को जोर से रगड़कर साफ न करें, इससे पेंट पर खरोंच आ सकती है। सबसे पहले साफ पानी से गाड़ी को अच्छी तरह धो लें, ताकि सूखा रंग हट जाए। इसके बाद हल्के कार शैंपू और मुलायम माइक्रोफाइबर कपड़े से सफाई करें। व्हील एरिया और गाड़ी के निचले हिस्से को विशेष रूप से साफ करें, क्योंकि वहां रंग मिला पानी जमा होकर जंग का कारण बन सकता है। अंत में पॉलिश की एक परत लगाने से कार की चमक लौट आती है और कुछ समय तक अतिरिक्त सुरक्षा भी मिलती है।







