T20 World Cup 2026: टी20 वर्ल्ड कप 2026 में पाकिस्तानी टीम को लेकर ऐसी उम्मीद लगाई जा रही थी, कि वह सेमीफाइनल तक पहुंचने में कामयाब होगी, लेकिन उनका प्रदर्शन ऐसा शर्मनाक देखने को मिला कि सुपर-8 मैचों के साथ उनका सफर खत्म हो गया। घर वापसी होने के बाद जहां पाकिस्तानी टीम के सभी प्लेयर्स पर पीसीबी ने खराब प्रदर्शन को लेकर जुर्माना लगाया को तो वहीं अब एक ऐसी खबर सामने आ रही है, जिसने सभी को चौंका दिया है। टी20 वर्ल्ड कप के दौरान पाकिस्तानी टीम श्रीलंका के कैंडी स्थित गोल्डन क्राउन होटल में रुकी हुई थी, जहां पर एक पाकिस्तानी प्लेयर पर होटल कर्मचारी के साथ छेड़छाड़ का आरोप लगा था।
महिला ने चिल्लाकर लगाई मदद की गुहार
पाकिस्तानी टीम ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 में अपने सभी मैच श्रीलंका के कोलंबो और कैंडी में खेले। इसमें उन्होंने सुपर-8 के अपने आखिरी दोनों ही कैंडी के पल्लेकेले स्टेडियम में खेले थे। यहां पर पाकिस्तानी टीम गोल्डन क्राउन होटल में रुकी हुई थी। टेलीकॉम एशिया स्पोर्ट की रिपोर्ट के अनुसार पाकिस्तान के श्रीलंका के खिलाफ सुपर-8 के मैच से पहले, एक खिलाड़ी ने महिला हाउसकीपिंग स्टाफ के साथ बदतमीजी की। इसके बाद उस महिला कर्मचारी ने वो चिल्लाकर मदद की गुहार लगाई, जिसके बाद तुरंत होटल स्टाफ उस महिला कर्मचारी को बचाने के लिए वहां पर पहुंच गया।
पाकिस्तानी टीम मैनेजर नावीद चीमा ने दी जानकारी
महिला कर्मचारी के चिल्लाने के बाद वहां पर पाकिस्तानी टीम के मैनेजर नावीद चीमा भी पहुंचे जिन्होंने अपने खिलाड़ी की इस नापाक हरकत को लेकर होटल प्रबंधन से माफी मांगी और गलत हरकत के लिए प्लेयर पर जुर्माना भी लगाया। अब इस रिपोर्ट के सामने आने के बाद से अभी तक पीसीबी की तरफ से इसको लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है और ना ही उस खिलाड़ी के नाम का उजागर हुआ है।
पीसीबी ने खराब प्रदर्शन पर लगाया है जुर्माना
पाकिस्तान टीम को टी20 वर्ल्ड कप 2026 में जब भारतीय टीम के खिलाफ ग्रुप मुकाबले में एकतरफा हार का सामना करना पड़ा था, तो उनकी काफी आलोचना देखने को मिली थी। इसके बाद वह सुपर-8 में तो पहुंचने में कामयाब रहे लेकिन सिर्फ एक ही मुकाबला जीतने में कामयाब हो सके। इसके बाद न्यूजीलैंड के मुकाबले नेट रनरेट खराब होने की वजह से उनका सफर सुपर-8 से खत्म हो गया। घर लौटने के बाद पीसीबी ने स्क्वाड में शामिल हर पाकिस्तानी खिलाड़ी पर 50 लाख रुपये का जुर्माना लगाने का ऐलान किया।







