Aaj ka Mausam: छत्तीसगढ़ में मानसून इन दिनों अपने पूरे एक्शन में नजर आ रहा है. बंगाल की खाड़ी में बने सिस्टम ने बारिश की गतिविधियां बढ़ा दी है. प्रदेश के कई इलाकों में जमकर बादल बरसे हैं. राजधानी रायपुर समेत कई क्षेत्रों में बादल गरजने-चमकने के साथ हुई फुहारों ने मौसम सुहावना कर दिया है. बुधवार को भी मौसम विभाग ने कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश को लेकर संभावना जताई है. दो दिन बाद भी ऐसा ही मौसम बने रह सकता है.
मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक प्रदेश में बीते 24 घंटों के दौरान कई स्थानों पर अच्छी बारिश दर्ज की गई. बागबाहरा में सर्वाधिक 14 सेमी वर्षा हुई, जबकि महासमुंद, छुरा, राजिम और कोमाखान में 11-11 सेमी बारिश रिकॉर्ड की गई. आरंग, भटगांव, भाखरा, बिहारपुर और लटोरी में 9-9 सेमी, जबकि कुरूद, प्रतापपुर और गरियाबंद में 8-8 सेमी वर्षा हुई. मगरलोड, कांसाबेल, कुनकुरी और मनोरा में 7-7 सेमी बारिश दर्ज की गई. छाल, चंद्रपुर, दुलदुला, खरोरा और चलगली में 6-6 सेमी, जबकि तमनार, कुटरू, धाभरा, अंबिकापुर, गोबरा नवापारा, सूरजपुर, घरघोड़ा, पाटन, रायगढ़, बगीचा, दौरा कोचली, कर्तला, पुसौर, बागभरा और बलरामपुर में 5-5 सेमी वर्षा हुई. वहीं ओडगी, रघुनाथ नगर, अभनपुर, तिल्दा, सीतापुर, पलारी, खरसिया, धरसीवा, रामानुजनगर, दुर्ग, वाड्रफनगर, जांजगीर और सरंगढ़ में 4-4 सेमी बारिश दर्ज की गई. इसके अलावा प्रदेश के अनेक अन्य स्थानों पर इससे कम वर्षा हुई.
मौसम में इस बदलाव की बड़ी वजह उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उससे लगे पश्चिम बंगाल-उत्तरी ओडिशा क्षेत्र का मौसम तंत्र है. मौसम विभाग ने बताया कि एक अवदाब झारखंड और उससे लगे गंगेटिक पश्चिम बंगाल के उत्तरी भाग में स्थित है, जो झारखंड और बिहार की तरफ रवाना हो रहा है. वहीं मानसून द्रोणिका माध्य समुद्र तल पर फिरोजपुर, देहरादून, शाहजहांपुर, वाराणसी, डेहरी, अवदाब के केंद्र, दीघा और उसके बाद दक्षिण पूर्व की ओर उत्तर पूर्व बंगाल की खाड़ी तक स्थित है. बुधवार को अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम और एक दो स्थानों पर भारी से अतिभारी वर्षा होने की संभावना है.
Fact Check: नयनतारा ने नहीं मुंडवाया सिर! तिरुपति मंदिर की वायरल तस्वीरों का सामने आया बड़ा सच
रायपुर में आज मौसम का मिजाज
राजधानी रायपुर में भी बारिश का दौर जारी रहने के आसार हैं. 19 अगस्त को शहर में आसमान सामान्यतः बादलों से ढंका रहने और कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है. अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के करीब रह सकता है.




