Surrendered Women Naxalites Film Debut: कभी नक्सल संगठन से जुड़ी रहीं सुकमा की 9 आत्मसमर्पित महिलाएं अब अपनी जिंदगी की नई शुरुआत करने जा रही हैं। हथियार छोड़कर मुख्यधारा में लौट चुकी इन महिलाओं को अब हिंदी फिल्म में अभिनय करने का मौका मिलने जा रहा है। फिल्म के निर्देशक आकाशदित्य लामा ने इन महिलाओं को फिल्म में काम देने की इच्छा जताई है।
जानकारी के मुताबिक फिल्म की शूटिंग नवंबर-दिसंबर के दौरान सुकमा समेत छत्तीसगढ़ के अलग-अलग इलाकों में की जा सकती है। फिल्म में काम करने से पहले सभी 9 महिलाओं का ऑडिशन होगा। इसके बाद उन्हें करीब 10 से 15 दिनों की एक्टिंग वर्कशॉप में प्रशिक्षण दिया जाएगा। इस दौरान उन्हें अभिनय से जुड़ी बारीकियां और कैमरे के सामने काम करने का तरीका सिखाया जाएगा।
सीएम विष्णुदेव साय ने जताई खुशी
आत्मसमर्पित महिलाओं को फिल्म में अभिनय का अवसर मिलने पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने खुशी जाहिर की है। उन्होंने कहा कि बस्तर में प्रतिभाओं की कमी नहीं है और यहां की बेटियां खेल, शिक्षा समेत अलग-अलग क्षेत्रों में अपनी पहचान बना रही हैं।
सीएम साय ने कहा कि नक्सलवाद से बाहर निकलकर मुख्यधारा में लौटने वाले युवाओं के लिए नए अवसर तैयार हो रहे हैं। उन्हें अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए मंच मिलने से बस्तर के विकास को भी नई दिशा मिल सकती है।
हथियार से कैमरे तक का सफर
नक्सल हिंसा का रास्ता छोड़कर समाज की मुख्यधारा में लौट चुकी इन महिलाओं के लिए फिल्म से जुड़ना एक नया अनुभव होगा। ऑडिशन और एक्टिंग वर्कशॉप पूरी करने के बाद उन्हें फिल्म की शूटिंग में हिस्सा लेने का अवसर मिलेगा।
यह मौका इन महिलाओं को अपनी प्रतिभा को नए मंच पर सामने लाने के साथ-साथ अपने जीवन में एक नई पहचान बनाने का अवसर भी दे सकता है। अब सभी की नजरें इन महिलाओं के फिल्मी सफर और बड़े पर्दे पर उनके अभिनय पर टिकी हैं।




