कोरबा : छत्तीसगढ़ के कोरबा में नवरात्रि और दशहरा ड्यूटी पर तैनात छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल (CAF) के एक जवान पर शराब के नशे में हंगामा करने, गाड़ी की चाबी निकालने और गाली-गलौज करने का आरोप लगा है। घटना के बाद मौके पर विवाद की स्थिति बन गई। सूचना मिलने पर जवान को सिविल लाइन ले जाया गया, जहां उसका मुलाहिजा और मेडिकल परीक्षण कराया गया। मामले में संबंधित विभाग को जानकारी देकर नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
दुर्गा पंडालों के भ्रमण के दौरान हुआ विवाद
जानकारी के मुताबिक, बजरंग दल की टीम दुर्गा पंडालों के भ्रमण पर निकली थी। इसी दौरान फेस-1 के पास CAF जवान पवन कुमार ने कथित तौर पर उनकी गाड़ी रुकवाई और उसकी चाबी निकाल ली। आरोप है कि इसके बाद जवान ने टीम के सदस्यों के साथ गाली-गलौज भी की।
जब टीम के सदस्य जवान के पास पहुंचे, तो उसके शराब के नशे में होने की बात सामने आई। इसके बाद मौके पर विवाद बढ़ गया और वहां मौजूद लोगों ने हंगामा शुरू कर दिया।
मेडिकल परीक्षण कराया गया
घटना की सूचना मिलने के बाद जवान को सिविल लाइन ले जाया गया। वहां उसका मुलाहिजा और मेडिकल परीक्षण कराया गया। मामले की जानकारी संबंधित विभाग को भी दी गई है।
CAF विभाग को भेजा गया पत्र
मामले में सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि जवान का मुलाहिजा कराया गया है। CAF विभाग को पत्र जारी कर दिया गया है और मामले में नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।




