रायपुर : गृह मंत्री का निज सचिव और प्रभावशाली लोगों से संपर्क होने का झांसा देकर सरकारी नौकरी लगाने व ट्रांसफर कराने के नाम पर ठगी करने वाले दो आरोपियों को सिविल लाइन थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने करीब 15 लोगों से लगभग 25 लाख रुपये की ठगी करना स्वीकार किया है।
Chhattisgarh News: कंट्रोल रूम में डॉयल 112 के आरक्षक की मौत, इस हालत में मिली लाश
मामले में प्रार्थी बोस्टो तांडी ने सिविल लाइन थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उसने पुलिस को बताया कि आरोपी संतराम यादव और आदित्य मोहन पंडा ने प्रभावशाली लोगों से संपर्क होने की बात कहकर उसे शासकीय नौकरी लगवाने का भरोसा दिलाया। इसी दौरान आदित्य मोहन पंडा ने खुद को गृह मंत्री का निज सहायक बताते हुए फर्जी पहचान का इस्तेमाल किया और नौकरी लगवाने के नाम पर प्रार्थी से 70 हजार रुपये ले लिए। रकम लेने के बाद भी नौकरी नहीं लगाई गई। आरोपियों पर अन्य लोगों के साथ भी इसी तरह धोखाधड़ी करने का आरोप है।
शिकायत के आधार पर सिविल लाइन थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 318(2), 319(2), 336(3), 340 और 3(5) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने प्रार्थी और गवाहों से पूछताछ के साथ मामले की जांच आगे बढ़ाई।
जांच के दौरान पुलिस ने कमल विहार, रायपुर निवासी आदित्य मोहन पंडा पिता अनिल पंडा (23 वर्ष) और हिमालया हाईट्स, देवपुरी, रायपुर निवासी संतराम यादव पिता बलराम यादव (38 वर्ष) को हिरासत में लिया।
डोंगरगढ़ नवरात्रि मेले के लिए स्पेशल ट्रेनों की सौगात, रायपुर-दुर्ग से गोंदिया तक देखें पूरी लिस्ट
पूछताछ में आरोपियों ने नौकरी लगाने और ट्रांसफर कराने के नाम पर करीब 15 लोगों से लगभग 25 लाख रुपये लेने की बात स्वीकार की है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस आरोपियों से आगे भी पूछताछ कर रही है और ठगी से जुड़े अन्य मामलों की जानकारी जुटाई जा रही है।




