रायपुर : छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में मंगलवार सुबह मुख्यमंत्री निवास (CM हाउस) के गेट पर हंगामे की घटना सामने आई। यहां एक युवक ने कथित तौर पर CM हाउस में घुसने की कोशिश की। पुलिसकर्मियों द्वारा रोके जाने पर वह उनसे भिड़ गया और उन पर हमला कर दिया। घटना के बाद पुलिस ने युवक को हिरासत में ले लिया है। मामले का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
CM हाउस में घुसने से रोकने पर हुआ विवाद
मिली जानकारी के अनुसार, पूरा मामला रायपुर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है। बताया जा रहा है कि युवक मुख्यमंत्री निवास में प्रवेश करने की कोशिश कर रहा था। इसी दौरान मौके पर मौजूद डायल 112 की टीम ने उसे रोकने का प्रयास किया। आरोप है कि इससे नाराज युवक पुलिसकर्मियों से भिड़ गया और उन पर हमला कर दिया।
युवक को काबू करने के लिए पुलिस ने किया बल प्रयोग
स्थिति बिगड़ने पर पुलिसकर्मियों ने युवक को काबू में करने के लिए बल प्रयोग किया। घटना के बाद उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। फिलहाल युवक की पहचान और CM हाउस में प्रवेश करने के पीछे की वजह को लेकर विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।
CG News: मंत्री के WhatsApp से साइबर ठगी की कोशिश, QR कोड भेजकर मांगे पैसे; साइबर सेल की जांच शुरू
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
CM हाउस के गेट पर हुए हंगामे का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पूछताछ के बाद घटना से जुड़ी अन्य जानकारियां सामने आने की उम्मीद है।




