रायपुर : छत्तीसगढ़ में मतदाता सूची को अपडेट करने के लिए भारत निर्वाचन आयोग ने विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SIR) कार्यक्रम शुरू करने के निर्देश जारी किए हैं। इस प्रक्रिया के तहत 1 जनवरी 2027 की अर्हता तिथि के आधार पर फोटोयुक्त निर्वाचक नामावलियों का पुनरीक्षण किया जाएगा। आयोग द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार, मतदान केंद्रों का युक्तियुक्तकरण 2 नवंबर 2026 तक पूरा किया जाना है। वहीं, मतदाता सूची का प्रारंभिक प्रकाशन 12 नवंबर 2026 को होगा।
11 दिसंबर तक दर्ज करा सकेंगे दावा-आपत्ति
निर्वाचन आयोग के निर्धारित कार्यक्रम के मुताबिक, प्रारंभिक मतदाता सूची के प्रकाशन के साथ ही दावा और आपत्तियां प्राप्त करने की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। यह प्रक्रिया 12 नवंबर से 11 दिसंबर 2026 तक चलेगी। इस दौरान पात्र मतदाता निर्धारित प्रक्रिया के तहत मतदाता सूची में अपना नाम शामिल कराने, दर्ज जानकारी में सुधार करवाने या अन्य आवश्यक संशोधनों के लिए आवेदन कर सकेंगे।
28 दिसंबर तक होगा आवेदनों का निराकरण
मतदाता सूची से संबंधित प्राप्त दावों और आपत्तियों की जांच तथा उनके निराकरण के लिए 28 दिसंबर 2026 तक की समयसीमा तय की गई है। इस अवधि में संबंधित निर्वाचन अधिकारी प्राप्त आवेदनों का परीक्षण कर नियमानुसार कार्रवाई करेंगे।
4 जनवरी 2027 को प्रकाशित होगी अंतिम मतदाता सूची
दावा-आपत्तियों के निराकरण की प्रक्रिया पूरी होने के बाद निर्वाचक नामावली को अंतिम रूप दिया जाएगा। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, छत्तीसगढ़ में फोटोयुक्त मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 4 जनवरी 2027 को किया जाएगा।
छत्तीसगढ़ के नगर सैनिकों को बड़ी सौगात! 3 साल बाद मानदेय में बदलाव की तैयारी, जानें पूरी अपडेट
मतदाताओं को सलाह दी जाती है कि प्रारंभिक सूची जारी होने के बाद उसमें अपना नाम और व्यक्तिगत विवरण जांच लें। किसी प्रकार की त्रुटि या नाम से संबंधित समस्या होने पर निर्धारित समयसीमा के भीतर दावा या आपत्ति प्रस्तुत करें, ताकि आवश्यक सुधार समय पर कराया जा सके।




