CG Crime: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में लिव-इन पार्टनर की हत्या का मामला सामने आया है। आरोप है कि एक युवक ने अपनी 33 वर्षीय लिव-इन पार्टनर की हत्या करने के बाद शव को घर की बाड़ी में बने सेप्टिक टैंक में छिपा दिया। महिला के रक्षाबंधन पर मायके नहीं पहुंचने के बाद परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, जिसके दौरान पूरे मामले का पता चला। घटना के बाद से आरोपी फरार है और पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है।
मामला श्यांग थाना क्षेत्र के बरपाली गांव का है। जानकारी के मुताबिक, 33 वर्षीय संतोषी आरोपी मनोज उरांव के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थी। बताया जा रहा है कि मनोज नशे का आदी था। 27 अगस्त को दोनों के बीच विवाद हुआ, जिसके दौरान मनोज ने संतोषी के साथ मारपीट की। आरोप है कि मारपीट में संतोषी की मौत हो गई।
इमरान खान के बाद उनकी 3 बहनें भी जेल में बंद, पाकिस्तान सरकार ने दी सख्त चेतावनी
महिला की मौत के बाद आरोपी ने कथित तौर पर उसके शव को घर की बाड़ी में बने सेप्टिक टैंक में डाल दिया और ढक्कन बंद कर दिया। इसके बाद उसने संतोषी के भाइयों को गुमराह किया और घटना की जानकारी छिपाए रखी।
रक्षाबंधन के मौके पर जब संतोषी मायके नहीं पहुंची, तो उसके भाइयों को संदेह हुआ। उन्होंने उसकी तलाश शुरू की। इसी दौरान घर की बाड़ी में बने सेप्टिक टैंक का ढक्कन खुला मिला। आसपास बदबू आने पर परिजनों ने टैंक की जांच की, जहां संतोषी का शव बरामद हुआ।
शव मिलने की सूचना पुलिस को दी गई। इसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और कार्यपालिक दंडाधिकारी की मौजूदगी में शव को सेप्टिक टैंक से बाहर निकलवाया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
पुलिस के मुताबिक, घटना के बाद से आरोपी मनोज उरांव 5 सितंबर से फरार है। पुलिस ने उसकी तलाश शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।




