रायपुर : राजधानी रायपुर के कालीबाड़ी स्थित मातृ-शिशु अस्पताल में मरीजों की सुरक्षा को लेकर गंभीर लापरवाही का मामला सामने आया है। अस्पताल से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें एक सुरक्षा गार्ड गर्भवती महिलाओं को ड्रिप लगाते और कैनुला निकालते हुए दिखाई दे रहा है। बताया जा रहा है कि घटना के दौरान अस्पताल में डॉक्टर और नर्सिंग स्टाफ मौजूद थे।
‘मन की बात’ में PM मोदी का बड़ा संदेश, बोले- आज का भारत आतंकवाद बर्दाश्त नहीं करता
जानकारी के अनुसार, वायरल वीडियो में दिखाई दे रहा सुरक्षा गार्ड नागेश्वर प्रसाद कश्यप है, जो फरवरी से अस्पताल में ड्यूटी कर रहा है। वीडियो सामने आने के बाद अस्पताल की व्यवस्थाओं और मरीजों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे हैं। चिकित्सा प्रक्रिया में सावधानी जरूरी होती है और इसे प्रशिक्षित स्वास्थ्यकर्मियों द्वारा ही किया जाना चाहिए।
नर्स के कहने पर काम करने का दावा
वीडियो वायरल होने के बाद सुरक्षा गार्ड नागेश्वर प्रसाद कश्यप ने अपनी सफाई दी। उसका कहना है कि ड्यूटी के दौरान नर्स वर्षा यादव ने उससे मदद मांगी थी। गार्ड के मुताबिक, नर्स के कहने पर उसने दो मरीजों के कैनुला बदले थे।
प्रबंधन ने मानी गलती, नोटिस जारी करने की तैयारी
मामले को लेकर जिला अस्पताल के सिविल सर्जन डॉ. भिनुज सिन्हा ने गलती स्वीकार की है। उन्होंने कहा कि सुरक्षा गार्ड से मरीजों की चिकित्सा संबंधी प्रक्रिया करवाना नियमों के खिलाफ है। मामले में संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
सिविल सर्जन के अनुसार, इस मामले में संबंधित कर्मचारियों को नोटिस जारी किया जाएगा और पूरे प्रकरण की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।




