CG Crime News: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। सकरी थाना क्षेत्र के ग्राम मेंड्रा में तीन साल की मासूम बच्ची को कथित तौर पर जबरन अपने साथ ले जाने की कोशिश कर रहे पड़ोसी को रोकना उसकी दादी को भारी पड़ गया। आरोप है कि विरोध करने पर युवक ने बुजुर्ग महिला पर धारदार चाकू से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल महिला ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। घटना के बाद से आरोपी फरार है और पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
बच्ची को ले जाने की कोशिश का विरोध करने पर हमला
मिली जानकारी के अनुसार, घटना शनिवार रात करीब 10 बजे की है। ग्राम मेंड्रा निवासी राजकुमारी यादव अपने घर पर थीं। इसी दौरान उनका पड़ोसी प्रशांत शुक्ला वहां पहुंचा। आरोप है कि उसने तीन साल की बच्ची को जबरन अपने साथ ले जाने की कोशिश की।
बच्ची की दादी राजकुमारी यादव ने इसका विरोध किया और युवक को रोकने का प्रयास किया। इसी बात पर आरोपी कथित तौर पर नाराज हो गया। पहले उसने महिला के साथ गाली-गलौज की और फिर धारदार चाकू से हमला कर दिया। हमले में राजकुमारी यादव गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ीं।
शोर सुनकर पहुंचे लोग, आरोपी मौके से फरार
महिला की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंचे। लोगों को आता देख आरोपी मौके से फरार हो गया। इसके बाद परिजन गंभीर रूप से घायल राजकुमारी यादव को उपचार के लिए छत्तीसगढ़ आयुर्विज्ञान संस्थान (सिम्स), बिलासपुर लेकर पहुंचे। हालांकि, डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
CG Weather Update: छत्तीसगढ़ में अगले 4 दिनों तक बिगड़ा रहेगा मौसम, इन इलाकों में अलर्ट
आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही सकरी थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फरार आरोपी प्रशांत शुक्ला की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस वारदात से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद ही घटना की परिस्थितियों को लेकर और जानकारी सामने आने की उम्मीद है।




