पटना: Bihar विधानसभा चुनाव 2025 से पहले भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने अपने संगठन में बड़ा बदलाव किया है। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को बिहार का नया प्रभारी नियुक्त किया गया है। वे इस पद पर विनोद तावड़े की जगह लेंगे।
धर्मेंद्र प्रधान को फिर मिली बड़ी जिम्मेदारी
गौरतलब है कि 2014 के लोकसभा चुनाव के दौरान भी धर्मेंद्र प्रधान ने बिहार में पार्टी प्रभारी की अहम भूमिका निभाई थी। अब एक बार फिर उन्हें बिहार का प्रभारी बनाकर बीजेपी ने यह साफ संकेत दिया है कि चुनावी रणनीति में उनका अनुभव और कद महत्वपूर्ण होगा।
सह प्रभारी बने केशव मौर्य और सीआर पाटील
धर्मेंद्र प्रधान के साथ ही बीजेपी ने दो बड़े नेताओं को बिहार का सह प्रभारी नियुक्त किया है। इनमें उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य और केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सीआर पाटील शामिल हैं। माना जा रहा है कि यह तिकड़ी मिलकर चुनाव प्रबंधन को और मजबूत करेगी।
अन्य राज्यों में भी बदलाव
सिर्फ बिहार ही नहीं, बीजेपी ने अन्य राज्यों में भी संगठनात्मक फेरबदल किया है। केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव को पश्चिम बंगाल का प्रभारी बनाया गया है, वहीं त्रिपुरा के पूर्व सीएम बिप्लब कुमार देब को सह प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
नीतीश कुमार के नेतृत्व में चुनाव लड़ेगी एनडीए
बिहार में बीजेपी ने पहले ही साफ कर दिया है कि आगामी विधानसभा चुनाव मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में लड़ा जाएगा। इस वक्त बिहार एनडीए में बीजेपी, जदयू, जीतन राम मांझी की पार्टी, चिराग पासवान की एलजेपी (रामविलास) और उपेंद्र कुशवाहा की पार्टी शामिल हैं। गठबंधन 2025 में बड़ी जीत दर्ज करने के लक्ष्य के साथ चुनावी मैदान में उतरेगा।
Read Also : Stocks to Buy: Minda Corp और Syrma SGS समेत इन शेयरों में दिख रही तेजी, जानें कमाई के मौके







