रायपुर : बंगाल की खाड़ी में सक्रिय मौसम प्रणाली का असर छत्तीसगढ़ में लगातार बना हुआ है। गुरुवार को दक्षिण-मध्य छत्तीसगढ़ में दिनभर मौसम में बदलाव देखने को मिला। राजधानी रायपुर समेत कई इलाकों में बारिश हुई। बारिश के चलते तापमान में करीब 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की गई। मौसम विभाग ने 25 सितंबर को भी रायपुर समेत प्रदेश के कई जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है।
पिछले 24 घंटे में कई इलाकों में बारिश
पिछले 24 घंटे के दौरान दक्षिण छत्तीसगढ़ के अधिकांश हिस्सों में बारिश दर्ज की गई। इस दौरान एक-दो स्थानों पर भारी बारिश भी हुई। बारिश होने से लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिली है।
डीप डिप्रेशन तेजी से बढ़ रहा आगे
मौसम विभाग के अनुसार, उत्तरी तटीय आंध्र प्रदेश और उससे लगे दक्षिण ओडिशा के ऊपर बना डीप डिप्रेशन करीब 10 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर बढ़ रहा है। 24 सितंबर की सुबह 11:30 बजे यह 18.7 डिग्री उत्तरी अक्षांश और 83.4 डिग्री पूर्वी देशांतर के आसपास केंद्रित था।
40-50 KM की रफ्तार से चल सकती हैं हवाएं
इस मौसम प्रणाली के प्रभाव से छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों में बारिश का सिलसिला आगे भी जारी रहने की संभावना है। इसके साथ ही कुछ इलाकों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। मौसम विभाग ने लोगों को मौसम की स्थिति को देखते हुए सतर्क रहने की सलाह दी है।
सामान्य से 6 फीसदी कम बारिश
प्रदेश में अब तक कुल बारिश सामान्य से करीब 6 फीसदी कम दर्ज की गई है। मौसम विभाग के मुताबिक अगले 24 घंटे के दौरान छत्तीसगढ़ के कई जिलों में बारिश होने की संभावना है। कुछ क्षेत्रों में तेज हवाओं का भी असर देखने को मिल सकता है।




