रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में पिछले 24 घंटे के भीतर हत्या की दो वारदातों ने शहर में सनसनी फैला दी है। पहली घटना में आपसी विवाद के दौरान युवक की सीने पर धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी गई। वहीं दूसरी वारदात में युवक का अपहरण कर गला घोंटकर मौत के घाट उतार दिया गया। आरोपियों ने पहचान छिपाने के लिए शव को मेनहोल (गटर) में डाल दिया और मृतक के कपड़े जलाने के साथ उसकी बाइक को भी नदी में फेंक दिया। पुलिस ने दोनों मामलों में कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि दूसरे मामले में दो संदेहियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
CG News: हड़ताल के बीच पटवारियों पर गिरी गाज, 3 सस्पेंड और 57 के वेतन पर लगी रोक
आपसी विवाद में युवक के सीने पर किया हमला
पहली घटना आजाद चौक थाना क्षेत्र की है। जानकारी के मुताबिक, 11 नवंबर की रात लाखेनगर चौक में ईदगाह भाठा निवासी शेख नाजिर (41) और मोहम्मद यूनुस (25) के बीच विवाद हो गया। इसी दौरान शेख नाजिर ने लोहे के धारदार हथियार से यूनुस के सीने पर हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल युवक को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
वारदात के बाद आरोपी गिरफ्तार
घटना की सूचना मिलते ही आजाद चौक थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में पुलिस टीम ने आरोपी की पहचान कर उसकी तलाश की। कार्रवाई करते हुए पुलिस ने शेख नाजिर को गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
युवक का अपहरण कर गला घोंटा, शव मेनहोल में छिपाया
दूसरी सनसनीखेज वारदात तेलीबांधा थाना क्षेत्र की है। यहां निरंजन पाल नाम के युवक का अपहरण कर उसकी हत्या कर दी गई। जानकारी के अनुसार, आरोपियों ने काशीराम नगर इलाके से युवक को अगवा किया और कमल विहार (कौशल्या माता विहार) के सेक्टर-13 स्थित सुनसान जगह पर ले गए। वहां गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी गई।
हत्या के बाद आरोपियों ने पहचान छिपाने के लिए मृतक के कपड़े उतारकर जला दिए और शव को गटर के मेनहोल में डालकर ऊपर से ढक्कन बंद कर दिया। इतना ही नहीं, मृतक की बाइक को भी मुजगहन थाना क्षेत्र के अंतर्गत नदी में फेंक दिया गया।
CG Weather: छत्तीसगढ़ में मौसम का बदला मिजाज, ठंडी हवाओं ने बदली दिशा; तापमान में होगा उतार-चढ़ाव
अपहरण की शिकायत के बाद पुलिस ने बरामद किया शव
बताया जा रहा है कि निरंजन पाल के परिजनों ने बुधवार को उसके अपहरण की शिकायत तेलीबांधा थाने में दर्ज कराई थी। शिकायत के बाद पुलिस ने जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और एफएसएल की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची।
जांच के दौरान पुलिस ने दो संदेहियों को हिरासत में लिया। पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मेनहोल से युवक का शव बरामद किया। शुरुआती जांच में हत्या के पीछे पुरानी रंजिश की आशंका जताई जा रही है। पुलिस दोनों संदेहियों से पूछताछ कर मामले की विस्तृत जांच में जुटी है।




