दुर्ग : शहर में ज्वेलरी कारोबारी पर चाकू से किए गए जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने नाबालिग आरोपी को गिरफ्तार किया है। पूरी घटना दुकान में लगे CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हो गई थी। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने करीब दो साल पुरानी घटना को हमले की वजह बताया है। पुलिस ने कार्रवाई के बाद नाबालिग को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे बाल संप्रेक्षण गृह भेज दिया गया।
CG News: भारी बारिश से रेल सेवा प्रभावित… जलभराव और ट्रैक धंसने से कई ट्रेनें रद्द, देखें पूरी लिस्ट
चांदी की चेन लेकर दुकान पहुंचा था आरोपी
जानकारी के मुताबिक, चेहरे पर मास्क लगाए एक युवक चांदी की चेन लेकर ज्वेलरी दुकान पहुंचा था। उसने कारोबारी से चेन गिरवी रखने की बात कही। कारोबारी ने चेन गिरवी रखने से इनकार करते हुए उसे किसी दूसरी दुकान पर जाने के लिए कहा। बताया गया कि इसी बात से नाराज होकर युवक ने अपने पास छिपाकर रखा चाकू निकाल लिया और कारोबारी पर लगातार वार कर दिए। हमले में कारोबारी के चेहरे और हाथ पर गंभीर चोटें आईं। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
CCTV फुटेज से आरोपी तक पहुंची पुलिस
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। दुकान में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली गई, जिसमें पूरी वारदात रिकॉर्ड हुई थी। फुटेज के आधार पर पुलिस ने आरोपी की पहचान की और उसे गिरफ्तार कर लिया। सीएसपी हर्षित मेहर ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि CCTV फुटेज और जांच के आधार पर नाबालिग आरोपी को पकड़ा गया है।
दो साल पुरानी बात को लेकर थी नाराजगी
पुलिस पूछताछ में पता चला कि आरोपी 11वीं कक्षा का छात्र है। पुलिस के अनुसार, करीब दो साल पहले वह किशोर रंजन पालित की दुकान पर चांदी की चेन खरीदने पहुंचा था। चेन की कीमत 450 रुपये थी, जबकि उसके पास 350 रुपये ही थे। आरोपी ने कारोबारी से चेन की कीमत कम करने के लिए कहा था। पुलिस के मुताबिक, उस समय कारोबारी की कथित टिप्पणी से आरोपी खुद को अपमानित महसूस करने लगा था। पूछताछ में उसने इसी पुरानी घटना को कारोबारी पर हमला करने की वजह बताया।
CG News: रायपुर-भिलाई से घूमने निकले थे 5 दोस्त, नदी में बह गई कार… ऐसे बचाई गई सभी की जान
नाबालिग को बाल संप्रेक्षण गृह भेजा गया
पुलिस ने नाबालिग आरोपी के खिलाफ आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया पूरी की। इसके बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया। न्यायालय के आदेश पर आरोपी को बाल संप्रेक्षण गृह भेज दिया गया है। नाबालिग होने के कारण पुलिस ने उसकी पहचान से संबंधित जानकारी सार्वजनिक नहीं की है।




