बिलासपुर : छत्तीसगढ़ के बिलासपुर स्थित मंगला इलाके में दशहरा उत्सव के बाद मारपीट का मामला सामने आया है। आपसी रंजिश के चलते कुछ युवकों पर घर में घुसकर महिलाओं और पुरुषों के साथ डंडों से मारपीट करने का आरोप है। बीच-बचाव करने पहुंची एक बुजुर्ग महिला को भी नहीं बख्शा गया। घटना में दो महिलाओं और तीन युवकों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
आपसी रंजिश में घर में घुसकर किया हमला
जानकारी के मुताबिक, घटना मंगलवार रात सिविल लाइन थाना क्षेत्र के मंगला इलाके की है। बताया जा रहा है कि आपसी रंजिश को लेकर मोहल्ले के कुछ युवकों का विवाद हुआ, जिसके बाद वे कथित तौर पर एक घर में घुस गए। आरोप है कि युवकों ने गाली-गलौज करते हुए घर में मौजूद लोगों पर डंडों से हमला कर दिया।
इस दौरान महिलाओं के साथ मारपीट की गई। विवाद शांत कराने की कोशिश कर रही बुजुर्ग महिला भी हमले का शिकार हो गईं। घर में मौजूद पुरुषों के साथ भी मारपीट किए जाने का आरोप है। आसपास के लोगों ने बीच-बचाव कर किसी तरह स्थिति को नियंत्रित किया।
पीड़ितों ने पुलिस से की शिकायत, समझौते के लिए दबाव का आरोप
घटना के बाद पीड़ित पक्ष ने सिविल लाइन थाने में शिकायत दर्ज कराकर सुरक्षा की मांग की। पीड़ितों का आरोप है कि थाने में उन पर मामले में समझौता करने और विवाद को दबाने के लिए दबाव बनाया गया।
हालांकि, मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले में आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज किया है। पुलिस वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान कर आगे की कार्रवाई में जुटी है।
IND vs ZIM: रायपुर में टीम इंडिया का धमाका! जिम्बाब्वे को 92 रन से हराकर सीरीज पर 3-0 से किया कब्जा
फिलहाल मामले की जांच जारी है। पुलिस की जांच और आगे की कार्रवाई के बाद घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।




