रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में होटल कारोबारी दीपक टंडन उर्फ अंबेडकर टंडन और उसकी पत्नी बरखा टंडन के खिलाफ ठगी का एक और मामला सामने आया है। आरोप है कि दंपती ने दूसरे की जमीन को अपना बताकर शराब कारोबारी से 36 लाख रुपये की धोखाधड़ी की। शिकायतकर्ता आशीष जायसवाल की शिकायत पर तेलीबांधा थाना पुलिस ने दोनों के खिलाफ FIR दर्ज कर ली है। इस नए मामले के सामने आने के बाद दंपती की मुश्किलें और बढ़ गई हैं।
छत्तीसगढ़ में सर्दी ने पकड़ी रफ्तार, कई शहरों में गिरा तापमान, जानें मौसम का ताजा हाल
दूसरे की जमीन को अपना बताकर किया सौदा
शिकायतकर्ता आशीष जायसवाल ने पुलिस को बताया कि परिचित जगदीश जायसवाल के माध्यम से उसकी मुलाकात दीपक टंडन और उसकी पत्नी बरखा टंडन से हुई थी। जगदीश ने उन्हें 1600 वर्गफुट की एक जमीन के बारे में बताया, जहां वर्तमान में एटमास्फिरिया रेस्टोरेंट संचालित हो रहा है। उन्हें जानकारी दी गई कि जमीन और रेस्टोरेंट दोनों बिक्री के लिए उपलब्ध हैं।
इसके बाद आशीष जायसवाल और उसके दोस्त ने मिलकर दीपक और बरखा के खातों में रकम ट्रांसफर की। शुरुआत में एक लाख रुपये टोकन मनी के रूप में दिए गए। इसके बाद तीन किश्तों में 25 लाख रुपये और दो अन्य ट्रांजेक्शन में 3 लाख तथा 2 लाख रुपये ऑनलाइन भेजे गए। इसके अलावा होटल पहुंचकर 5 लाख रुपये नकद भी दिए गए।
इस तरह शिकायतकर्ता के अनुसार कुल 36 लाख रुपये का भुगतान किया गया। बाद में जब जमीन के दस्तावेजों और स्वामित्व की जानकारी जुटाई गई, तो पता चला कि संबंधित जमीन दीपक टंडन और उसकी पत्नी के नाम पर नहीं है।
पैसे वापस मांगने पर धमकी देने का आरोप
शिकायतकर्ता का आरोप है कि जमीन की वास्तविक स्थिति सामने आने के बाद जब उसने अपनी रकम वापस मांगी, तो दंपती ने उसे जान से मारने और एसटी-एससी एक्ट के मामले में फंसाकर जिंदगी बर्बाद करने की धमकी दी। इसके बाद उसने तेलीबांधा थाने में शिकायत दर्ज कराई।
नगर निगम की नई सुविधा: अब घर बैठे मिलेगी कचरा गाड़ी की लोकेशन, 5 मिनट में होगा शिकायतों का समाधान
दीपक बिलासपुर पुलिस की रिमांड में, पत्नी हिरासत में
शिकायत के आधार पर तेलीबांधा थाना पुलिस ने दीपक टंडन और बरखा टंडन के खिलाफ धोखाधड़ी का अपराध दर्ज किया है। बरखा टंडन को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है, जबकि दीपक टंडन फिलहाल बिलासपुर पुलिस की रिमांड में है।
गौरतलब है कि इससे पहले भी दीपक टंडन और उसकी पत्नी के खिलाफ धोखाधड़ी के मामले में FIR दर्ज हो चुकी है। अब नया मामला सामने आने के बाद दंपती के खिलाफ अन्य शिकायतें भी सामने आने लगी हैं। फिलहाल पुलिस लेनदेन से जुड़े दस्तावेजों की जांच कर रही है और पूरे मामले की विवेचना जारी है।




