Bigg Boss 20: टीवी अभिनेता जय भानुशाली ने रियलिटी शो ‘बिग बॉस 20’ के कुछ कंटेस्टेंट्स के व्यवहार पर नाराजगी जाहिर की है। शो के एक टास्क के दौरान उनकी पूर्व पत्नी और अभिनेत्री माही विज के साथ-साथ उनकी सात साल की बेटी तारा का नाम भी विवाद में घसीटा गया। इस बात से जय काफी आहत हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा कर अपनी नाराजगी जाहिर की और साफ कर दिया कि अब उनके बच्चे यह शो नहीं देखेंगे।
जय का कहना है कि उन्हें किसी कंटेस्टेंट के गेम या रणनीति से कोई परेशानी नहीं है, लेकिन किसी को नीचा दिखाने के लिए मासूम बच्चों का नाम इस्तेमाल करना गलत है।
कुलगाम में CRPF पर आतंकी हमले की जिम्मेदारी लेने आया संगठन, RSS और हिंदुत्व शासन को दी हमले की धमकी
बिग बॉस के टास्क में बेटी तारा का जिक्र
दरअसल, ‘बिग बॉस 20’ के घर में हाल ही में एक प्रोवोकेशन टास्क आयोजित किया गया था। इस दौरान कंटेस्टेंट्स को एक-दूसरे को उकसाने और प्रतिक्रिया देने के लिए मजबूर करना था। इसी टास्क में माही विज की निजी जिंदगी और उनके मातृत्व को लेकर टिप्पणियां की गईं।
इस दौरान उनकी सात साल की बेटी तारा का नाम भी बातचीत में आ गया। रिपोर्ट्स के मुताबिक, यंग डीएसए ने टिप्पणी की कि बड़ी होने के बाद तारा को अपनी मां के कामों पर शर्मिंदगी महसूस होगी। वहीं, कनिका मान ने कथित तौर पर कहा कि वह कभी माही के बच्चों से मिलना नहीं चाहेंगी। इसके अलावा लव गिल की मां ने भी तारा का जिक्र करते हुए अपनी बेटी को लेकर सवाल उठाया।
‘सात साल की बच्ची शो की कंटेस्टेंट नहीं है’
इन टिप्पणियों पर जय भानुशाली ने सोशल मीडिया के जरिए जवाब दिया। उन्होंने कहा कि तारा अभी सिर्फ सात साल की बच्ची है और वह इस शो की कंटेस्टेंट नहीं है। किसी प्रतियोगी को नीचा दिखाने के लिए उसके बच्चे का नाम इस्तेमाल करना बिल्कुल गलत है।
जय ने अपनी पोस्ट में बताया कि वह यह बात किसी अभिनेता या सेलिब्रिटी के तौर पर नहीं, बल्कि एक पिता के रूप में कह रहे हैं। उनके बच्चे भी यह सब देख रहे हैं और उनसे सवाल पूछ रहे हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि उन्हें या उनके बच्चों को इस तरह के विवादों से जुड़ी नकारात्मक बातों में टैग न किया जाए।
माही के गेम पर करें बात, बच्चों को विवाद से रखें दूर
जय ने स्पष्ट किया कि दर्शकों और शो के कंटेस्टेंट्स को माही विज के गेम, उनकी रणनीति और फैसलों पर सवाल उठाने का पूरा अधिकार है। कोई उनके खेल से असहमत हो सकता है, लेकिन इसके लिए उनके बच्चों और मातृत्व को निशाना बनाना उचित नहीं है।
अभिनेता ने कहा कि वह जरूरत पड़ने पर माही का साथ देंगे, लेकिन बच्चों को इस विवाद में शामिल करना स्वीकार नहीं कर सकते। उन्हें इस बात की चिंता है कि बार-बार उनकी बेटी का नाम लेकर की जाने वाली टिप्पणियों का बच्चों पर क्या असर पड़ेगा।
जय ने लिया बड़ा फैसला, बच्चों को नहीं दिखाएंगे शो
जय भानुशाली ने साफ कर दिया है कि उनके लिए बच्चों की मासूमियत और मानसिक सुकून किसी भी रियलिटी शो से ज्यादा महत्वपूर्ण है। इसी वजह से उन्होंने फैसला किया है कि अब उनके बच्चे ‘बिग बॉस 20’ नहीं देखेंगे।
अपनी पोस्ट के आखिर में उन्होंने ‘गुडबाय बिग बॉस 20’ लिखकर शो से दूरी बनाने का संकेत दिया। जय की इस प्रतिक्रिया के बाद सोशल मीडिया पर भी बच्चों को रियलिटी शो के विवादों से दूर रखने को लेकर चर्चा शुरू हो गई है।




