रायपुर : राजधानी रायपुर के लाभांडी इलाके में मंगलवार सुबह एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
मामला तेलीबांधा थाना क्षेत्र का है। मृतक की पहचान हिमेश यादव (40) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि उसके सिर से खून निकल रहा था। इस वजह से स्थानीय लोगों ने हत्या की आशंका जताई है। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है।
घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस के साथ FSL और डॉग स्क्वाड की टीम भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच की जा रही है।
रायपुर DCP सेंट्रल जोन तारकेश्वर पटले ने शव मिलने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पुलिस, FSL और डॉग स्क्वाड की टीम मौके पर पहुंचकर जांच कर रही है। फिलहाल युवक की मौत के कारणों का पता लगाया जा रहा है।




