बीजापुर: छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में सुरक्षा बलों को माओवादियों के खिलाफ अभियान के दौरान बड़ी सफलता मिली है। जिला पुलिस, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) की 196वीं वाहिनी और 204 कोबरा की संयुक्त टीम ने सर्चिंग अभियान के दौरान केजी हिल्स के जंगल क्षेत्र से 711 नग बीजीएल (BGL) सेल बरामद किए हैं। माओवादियों ने इन विस्फोटक सामग्रियों को जंगल में छिपाकर रखा था।
जानकारी के अनुसार, विश्वसनीय सूत्रों से मिली सूचना के आधार पर थाना उसूर क्षेत्र के FOB ताड़ापाला के आसपास जंगलों में सर्च ऑपरेशन चलाया गया। इस दौरान FOB ताड़ापाला से करीब 1.5 किलोमीटर उत्तर-पश्चिम दिशा में केजी हिल्स के पास बड़ी मात्रा में छिपाकर रखे गए बीजीएल सेल मिले। सुरक्षा बलों ने सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए सभी सेल को विधिवत अपने कब्जे में ले लिया।
पहाड़ियों में जाने से बचने की अपील
बरामदगी के बाद सुरक्षा बलों ने आम नागरिकों से कर्रेगुट्टा और आसपास की पहाड़ियों में फिलहाल जाने से परहेज करने की अपील की है। सुरक्षा एजेंसियों के मुताबिक, इलाके में अभी भी बारूदी सुरंग (IED) या अन्य विस्फोटक सामग्री मौजूद होने की आशंका है, जिससे जान-माल का खतरा बना हुआ है।
Dhanteras 2026: धनतेरस पर भूलकर भी न खरीदें ये 5 चीजें, माता लक्ष्मी हो सकती हैं नाराज!
सुरक्षा बलों ने बताया कि भविष्य में निर्धारित कार्ययोजना के तहत इस क्षेत्र में डी-माइनिंग अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत संभावित बारूदी सुरंगों और विस्फोटक सामग्री की पहचान कर उन्हें निष्क्रिय किया जाएगा। तब तक आम लोगों को सतर्क रहने और जंगल-पहाड़ी क्षेत्रों में आवाजाही से बचने की सलाह दी गई है।




