नई दिल्ली। देश के पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह का निधन हो गया है। पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की तबीयत बिगड़ने के बाद गुरुवार शाम को उन्हें एम्स दिल्ली में भर्ती कराया गया था। रात करीब आठ बजे एम्स की इमरजेंसी में भर्ती कराया गया था। हार्ट से संबंधित परेशानी के चलते 92 वर्षीय सिंह को अस्पताल के आपातकालीन विभाग में लाया गया था। जहां उनका इलाज किया जा रहा था, लेकिन बाद में उनके निधन की खबर सामने आई। गुरुवार रात 9 बजकर 51 मिनट पर मनमोहन सिंह ने अंतिम सांस ली।
बता दें कि इससे पहले 13 अक्टूबर 2021 को मनमोहन सिंह बुखार की शिकायत के बाद दिल्ली एम्स में भर्ती कराए गए थे। उस दौरान उनका बुखार ठीक हो गया था, लेकिन बाद में उन्हें कमजोरी होने पर अस्पताल में भर्ती कराया गया था।राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने भारत के पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के आवास पर जाकर उन्हें श्रद्धांजलि दी। उन्होंने उनके परिवार के सदस्यों के प्रति अपनी संवेदना भी व्यक्त की।
कांग्रेस अध्यक्ष और राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे ने पूर्व पीएम मनमोहन सिंह को अंतिम श्रद्धांजलि दी और उनके परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की। पूर्व पीएम डॉ. मनमोहन सिंह के निधन पर आप सांसद संजय सिंह ने कहा कि यह देश मनमोहन सिंह को एक महान अर्थशास्त्री और ईमानदार पीएम के रूप में याद रखेगा। यह देश के लिए बहुत बड़ा झटका है। उन्होंने देश की अर्थव्यवस्था को आगे बढ़ाने में बहुत महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के निधन पर पीएम मोदी ने कहा कि एक सांसद के तौर पर उनकी निष्ठा सभी के लिए प्रेरणा है। महत्वपूर्ण अवसरों पर वे व्हीलचेयर पर संसद आते थे और सांसद के तौर पर अपना कर्तव्य निभाते थे। पीएम ने कहा कि मनमोहन सिंह ने हमेशा विभिन्न दलों के नेताओं के साथ अपने संबंध बनाए रखे और सभी के लिए हमेशा उपलब्ध रहते थे। कांग्रेस सांसद सोनिया गांधी, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा और केसी वेणुगोपाल और पार्टी के अन्य नेताओं ने दिवंगत पूर्व प्रधानमंत्री डॉ मनमोहन सिंह के आवास पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि दी।