रायपुर। दीपावली के त्योहार को लेकर छत्तीसगढ़ के बाजारों में इस बार जमकर रौनक देखने को मिली। धनतेरस के अवसर पर सराफा से लेकर ऑटोमोबाइल, इलेक्ट्रॉनिक्स और कपड़ा बाजार तक ग्राहकों की भारी भीड़ उमड़ी। प्रदेशभर में करीब 8 से 10 हजार करोड़ रुपये का कारोबार होने का अनुमान है। वहीं, राजधानी रायपुर में लगभग 1,000 करोड़ रुपये के व्यापार की संभावना जताई गई है। कारोबार के लिहाज से शनिवार और रविवार को भी बाजार में तेजी बने रहने की उम्मीद है।
अमेरिका के व्हाइट हाउस में दिवाली की धूम, भारतीय मूल के लोगों ने ट्रंप को भेंट की हनुमान चालीसा
धनतेरस के दिन सुबह से ही प्रदेश के प्रमुख बाजारों में खरीदारों की आवाजाही शुरू हो गई थी। कई बाजारों में भीड़ का आलम ऐसा रहा कि लोगों को आने-जाने तक में परेशानी हुई। लोगों ने सोने-चांदी के आभूषणों के साथ कपड़े, मिठाइयां, बर्तन, इलेक्ट्रॉनिक सामान और वाहनों की जमकर खरीदारी की। खासतौर पर फोर व्हीलर और टू व्हीलर की बिक्री में अच्छी तेजी देखने को मिली।
छत्तीसगढ़ चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज (CCCI) के प्रदेश महामंत्री अजय भसीन के मुताबिक, वर्ष 2026 में दीपावली के दौरान बाजारों में अच्छा कारोबार हुआ है। कई संस्थानों में शुक्रवार को कर्मचारियों को बोनस दिया गया है। ऐसे में शनिवार और रविवार को भी बड़ी संख्या में लोगों के खरीदारी के लिए बाजार पहुंचने की उम्मीद है। उनका अनुमान है कि अकेले रायपुर में कारोबार का आंकड़ा करीब 1,000 करोड़ रुपये तक पहुंच सकता है।
क्रिकेट फैंस के लिए बड़ी खबर, नेपाल में खेला जाएगा वर्ल्ड कप क्वालीफायर, तारीखों का ऐलान
अलग-अलग सेक्टर में कारोबार का अनुमान
धनतेरस के अवसर पर प्रदेश के विभिन्न व्यापारिक क्षेत्रों में अनुमानित कारोबार के आंकड़े इस प्रकार हैं।
- सराफा सेक्टर: रायपुर में करीब 200 करोड़ और छत्तीसगढ़ में 2,500 करोड़ रुपये का कारोबार।
- ऑटोमोबाइल सेक्टर: रायपुर में लगभग 150 करोड़ और प्रदेशभर में 2,500 करोड़ रुपये की बिक्री।
- इलेक्ट्रॉनिक्स सेक्टर: मोबाइल और कंप्यूटर सहित इलेक्ट्रॉनिक सामान की रायपुर में 250 करोड़ और छत्तीसगढ़ में 1,500 करोड़ रुपये की बिक्री।
- रियल एस्टेट सेक्टर: रायपुर में करीब 75 करोड़ और प्रदेश में 500 करोड़ रुपये का कारोबार।
- कपड़ा, बर्तन, गिफ्ट और मिठाई सेक्टर: रायपुर में लगभग 250 करोड़ और छत्तीसगढ़ में 1,000 करोड़ रुपये का व्यापार होने का अनुमान है।




