रायपुर : महाकालीबाड़ी विद्या मंदिर में प्रतिष्ठित शिक्षाविद् एवं प्रेरक वक्ता श्री भास्कर बोस के विशेष अतिथि व्याख्यान का आयोजन किया गया। उनका विद्यालय आगमन संपूर्ण विद्यालय परिवार के लिए गौरव एवं प्रेरणा का अवसर रहा।
छत्तीसगढ़ के प्रथम IITian एवं IIT खड़गपुर के पूर्व छात्र श्री भास्कर बोस ने अपने अनुभवों और उपलब्धियों के माध्यम से विद्यार्थियों को जीवन में लक्ष्य निर्धारित करने, चुनौतियों का सामना करने तथा निरंतर प्रयास के साथ सफलता प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया। वे IIM रायपुर, IIM कोलकाता एवं BITS पिलानी जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में अतिथि व्याख्याता के रूप में भी अपना योगदान दे चुके हैं।
विद्यार्थियों के साथ आयोजित संवादात्मक सत्र में श्री बोस ने अपनी जीवन-यात्रा के महत्वपूर्ण अनुभव साझा किए। उन्होंने विद्यार्थियों को स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित करने, असफलताओं से सीखने, आत्मविश्वास बनाए रखने और अपने सपनों को साकार करने के लिए अनुशासन एवं निरंतर मेहनत को जीवन का हिस्सा बनाने का संदेश दिया। उनके साथ संवाद के दौरान विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और विभिन्न विषयों पर प्रश्न भी पूछे।

इसके पश्चात श्री बोस ने विद्यालय के शिक्षकों के साथ एक विशेष संवादात्मक सत्र आयोजित किया। उन्होंने कक्षा-कक्ष में शिक्षकों के सामने आने वाली दैनिक व्यावहारिक चुनौतियों पर चर्चा करते हुए कठिन एवं जटिल विषयों को सरल, रोचक और प्रभावी तरीके से विद्यार्थियों तक पहुँचाने की उपयोगी रणनीतियाँ साझा कीं। उन्होंने इस बात पर विशेष जोर दिया कि प्रभावी शिक्षण केवल विषय-वस्तु तक सीमित नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों की समझ, रुचि और सीखने की क्षमता के अनुरूप शिक्षण पद्धति विकसित करना भी उतना ही महत्वपूर्ण है।
श्री भास्कर बोस का यह प्रेरणादायक सत्र विद्यार्थियों एवं शिक्षकों दोनों के लिए अत्यंत ज्ञानवर्धक और उपयोगी रहा। उनके विचारों एवं मार्गदर्शन ने विद्यालय परिवार में नई ऊर्जा और सकारात्मक सोच का संचार किया तथा सभी को जीवन एवं शिक्षा के क्षेत्र में नई ऊँचाइयाँ प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया।




