रायपुर: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में BJP पार्षद की कार पर पत्थर मारकर कांच तोड़ने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि दो बाइक सवार युवकों का पार्षद के साथ बाइक चलाने को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद दोनों युवकों ने कथित तौर पर पार्षद की कार का पीछा किया और बैरनबाजार स्थित बाठिया नर्सिंग होम के पास कार पर पत्थर मारकर फरार हो गए। घटना के बाद पार्षद ने समर्थकों के साथ कोतवाली थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले में दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
आमापारा में बाइक चलाने को लेकर हुआ था विवाद
मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक, BJP पार्षद और जोन 8 के अध्यक्ष प्रीतम ठाकुर सोमवार रात परिवार के साथ गणेश दर्शन के लिए निकले थे। इसी दौरान आमापारा इलाके में उनकी दो बाइक सवार युवकों से बाइक चलाने को लेकर कहासुनी हो गई।
बताया जा रहा है कि विवाद के बाद दोनों बाइक सवार युवकों ने पार्षद की कार का पीछा किया। बाठिया नर्सिंग होम, बैरनबाजार के पास दोनों ने कार को रुकवाया और पत्थर मारकर उसका कांच तोड़ दिया। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
Asian Games 2026: भारत ने श्रीलंका को 147 रन से हराकर जीता गोल्ड मेडल, महिला टीम ने रचा नया रिकॉर्ड
समर्थकों के साथ थाने पहुंचे पार्षद
घटना के बाद प्रीतम ठाकुर अपने समर्थकों के साथ कोतवाली थाने पहुंचे और दोनों युवकों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मामले में दो आरोपियों आदित्य सिंह ठाकुर (22), पिता प्रताप सिंह ठाकुर, निवासी खो-खो पारा और कृष यादव (19), पिता स्व. अरुण यादव, निवासी खो-खो पारा को गिरफ्तार किया है। दोनों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।




