जगदलपुर : शहर को स्वच्छ और साफ-सुथरा बनाए रखने के लिए नगर निगम ने नई पहल की है। अब सार्वजनिक स्थानों पर कचरा फेंकने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर 10 हजार रुपए तक का जुर्माना लगाया जाएगा। वहीं, कचरा फेंकने वालों की जानकारी निगम को देने वाले व्यक्ति को भी 10 हजार रुपए का इनाम दिया जाएगा।
अक्षर पटेल ने T20 क्रिकेट में रचा इतिहास, ऐसा कारनामा करने वाले पहले भारतीय ऑलराउंडर बने
दरअसल, नगर निगम की मेयर-इन-काउंसिल (MIC) की बैठक में यह महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया है। इसके तहत सार्वजनिक स्थलों पर कचरा फेंकने वालों पर नजर रखी जाएगी। यदि कोई व्यक्ति खुले में कचरा फेंकता पाया जाता है, तो उस पर 10 हजार रुपए का जुर्माना लगाया जाएगा। खास बात यह है कि ऐसे लोगों की सूचना देने वाले नागरिकों को 10 हजार रुपए की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। साथ ही सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
इस पहल को लेकर महापौर संजय पांडे ने कहा कि शहर को स्वच्छ बनाए रखना केवल नगर निगम की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें आम नागरिकों की भागीदारी भी बेहद जरूरी है। उन्होंने नागरिकों से स्वच्छता अभियान में सहयोग करने और सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी फैलाने वालों की जानकारी निगम को देने की अपील की है।
अब देखना होगा कि नगर निगम की यह नई पहल शहर में कचरा फैलाने की प्रवृत्ति पर कितनी प्रभावी रोक लगा पाती है और स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने में कितनी मददगार साबित होती है।




