Sanchita Ugale Died: टीवी इंडस्ट्री से बेहद परेशान करने वाली खबरे सामने आई है, जिसने लोगों को सदमे में डाल दिया है। दंगल चैनल के पॉपुलर टीवी शो ‘दिलवाले दूल्हा ले जाएंगे’ की फेमस एक्ट्रेस संचिता उगाले अब इस दुनिया में नहीं रहीं। उन्होंने बीते दिन इस दुनिया को अलविदा कह दिया। एक्ट्रेस की मौत की वजह आत्महत्या बताई जा रही है। कहा जा रहा है कि एक्ट्रेस ने अपने घर पर ही आत्महत्या कर ली है। यह घटना रविवार शाम करीब 7 से 7:30 बजे के बीच हुई।
संचिता उगाले ने कई फिल्मों और टीवी शो में किया काम
संचिता उगाले ने छोटी उम्र में ही काफी काम किया और इंडस्ट्री में अपना नाम बना लिया था। उन्होंने बॉलीवुड से लेकर टीवी तक पर अपनी कला का प्रदर्शन किया था। संचिता उगाले ने हिंदी टीवी धारावाहिक ‘दिल वाले दूल्हा ले जाएंगे’ में लीड एक्ट्रेस सुकून की भूमिका निभाई थी। इस रोल से वो घर-घर में फेमस हुई थी और उन्हें अलग पहचान मिल गई थी। उनकी एक्टिंग की बदौलत ये शो काफी चर्चित हुआ और लोगों ने एक्ट्रेस की खूब तारीफ भी की थी। इसके अलावा उन्होंने ‘छावा’ में ताराबाई का किरदार निभाया था। उन्होंने ‘कुमकुम भाग्य’ और ‘वागले की दुनिया’ जैसे लोकप्रिय धारावाहिकों में भी अभिनय किया था।
घर पर नहीं था कोई, जब एक्ट्रेस ने लगाई फांसी
संचिता नालासोपारा पूर्व के आचोले गांव में अपने माता-पिता और 15 वर्षीय बहन के साथ रहती थीं। रविवार शाम करीब 5:30 बजे उनकी बहन अंजली घर से बाहर गई थी। उस समय घर में कोई मौजूद नहीं था। इसी दौरान संचिता ने अपने बेडरूम के सीलिंग फैन से साड़ी के सहारे फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। उन्हें तुरंत महा नगर पालिका के तुलिंज अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। संचिता की आत्महत्या के पीछे का कारण अभी तक स्पष्ट नहीं हो सका है। आचोले पुलिस ने बीएनएस की धारा 194 के तहत आकस्मिक मृत्यु (ADR) का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस की ओर से भी अभी इस मामले में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। पुलिस ने सिर्फ अभी यही बताया कि अज्ञात कारणों के चलते एक्ट्रेस की मौत हुई है। पहली नजर में ये आत्महत्या का मामला ही जाहिर हो रहा है।




