बिलासपुर : छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर में जन्मदिन की पार्टी के दौरान विवाद का मामला सामने आया है। देर रात तक ढोल-नगाड़े बजाने और पटाखे फोड़ने का विरोध करना एक न्यायिक अधिकारी को भारी पड़ गया। आरोप है कि प्रॉपर्टी डीलर और उसके साथियों ने महासमुंद कुटुंब न्यायालय में पदस्थ न्यायाधीश प्रफुल्ल कुमार सोनवानी और उनके परिवार के साथ मारपीट की। इतना ही नहीं, आरोपियों ने उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी। मामले में पुलिस ने प्रॉपर्टी डीलर और उसके साथियों के खिलाफ FIR दर्ज की है।
अर्नब के बाद अब मुरासु का असर! छत्तीसगढ़ में फिर बदलेगा मौसम, भारी बारिश और आकाशीय बिजली का अलर्ट
देर रात तक चल रहा था जन्मदिन का जश्न
मिली जानकारी के अनुसार, घटना बिलासपुर के राजकिशोर नगर स्थित जूनियर MIG क्षेत्र की है। यहां बीती रात जन्मदिन की पार्टी आयोजित की गई थी। इस दौरान देर रात तक ढोल-नगाड़े बजाए जा रहे थे और पटाखे फोड़े जा रहे थे। लगातार हो रहे शोर-शराबे से परेशान होकर न्यायाधीश प्रफुल्ल कुमार सोनवानी ने इसका विरोध किया।
विवाद बढ़ने पर परिवार को भी बनाया निशाना
आरोप है कि शोर-शराबे का विरोध करने पर विवाद बढ़ गया। इसके बाद प्रॉपर्टी डीलर और उसके साथियों ने न्यायाधीश को परिवार सहित घेर लिया। आरोपियों ने उनके साथ गाली-गलौज की और हाथ-मुक्कों से मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान उनके परिवार के सदस्यों के साथ भी मारपीट किए जाने का आरोप है। आरोपियों ने न्यायाधीश को जान से मारने की धमकी भी दी।
छत्तीसगढ़ हॉकी लीग का देशभर में बजा डंका, X पर टॉप-5 ट्रेंडिंग में बनाई जगह
दोनों पक्षों की शिकायत पर FIR
घटना के बाद पुलिस ने न्यायाधीश की शिकायत पर प्रॉपर्टी डीलर और उसके साथियों के खिलाफ FIR दर्ज कर ली है। वहीं, दूसरे पक्ष की शिकायत पर भी मामला दर्ज किया गया है। फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर मामले की जांच कर रही है।




