दीवाली का त्योहार अब बस कुछ ही दिन दूर है और हर घर में इसकी तैयारियां जोरों पर हैं। अक्सर लोग दीवाली को पटाखों के बिना अधूरा मानते हैं। ऐसे में आज हम आपको कुछ ऐसे मजेदार तरीके बताने जा रहे हैं जिन्हें अपनाकर आप दीवाली के त्योहार को बिना पटाखों के भी बेहद यादगार बना सकते हैं। आइए जानें।
- दीवाली का त्योहार इस साल 31 अक्टूबर को मनाया जाएगा।
- पटाखों के बिना कई लोग इस त्योहार का मजा अधूरा मानते हैं।
- इस त्योहार को बिना पटाखों के भी एन्जॉय किया जा सकता है।
दीवाली का त्योहार आने में अब महज कुछ ही दिन बाकी हैं। अगर आप भी पटाखों के बिना दीवाली को अधूरा मानते हैं, तो यह आर्टिकल आपके लिए ही है क्योंकि यहां हम आपको कुछ ऐसे मजेदार तरीके बताएंगे जिन्हें अपनाकर आप इस दीवाली को बिना पटाखों के भी यादगार बना सकते हैं। जी हां, बेशक पटाखे फोड़ने में आपको खूब मजा आता हो, लेकिन हमें यह नहीं भूलना चाहिए कि पटाखों से निकलने वाला धुआं हमारे पर्यावरण को काफी नुकसान पहुंचाता है और यह सेहत के लिए भी बेहद जहरीला होता है। इसलिए, हमें बच्चों को पटाखों के बिना भी दिवाली को यादगार बनाने के तरीके सिखाने चाहिए। इस आर्टिकल में हम कुछ ऐसे सुझाव देंगे जिनकी मदद से आप बच्चों के साथ एक यादागर और सुरक्षित दीवाली मना सकते हैं।
दीवाली के त्योहार पर हम बच्चों को न केवल त्योहार मनाने के तरीकों के बारे में बता सकते हैं, बल्कि इस त्योहार से जुड़ी रोचक कहानियों और परंपराओं से भी अवगत करा सकते हैं। हम उन्हें बता सकते हैं कि दीवाली क्यों मनाई जाती है, इसकी क्या मान्यताएं हैं, और पूजा कैसे की जाती है। इससे बच्चों को हमारी संस्कृति और परंपराओं के बारे में गहराई से जानने का मौका मिलेगा।
दीवाली पर हम अपने बच्चों के साथ मिलकर घर और आंगन को सजा सकते हैं। रंगीन पाउडर और रंगों से खेलना बच्चों को बेहद पसंद होता है। वे अपनी कल्पना की उड़ान भरते हुए शानदार डिजाइन बना सकते हैं। यह न केवल उन्हें खुशी देगा बल्कि उनकी रचनात्मकता को भी निखारेगा। रंगोलियां बनाना पटाखों के शोर-शराबे से दूर, बच्चों के लिए एक मजेदार और यादगार अनुभव होगा।